dholpur news : Policeman and woman beaten by making hostage overnight in dholpur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Mar 29, 2024 9:30 pm
Location
Advertisement

विधवा महिला की मदद करने गए पुलिसकर्मी और महिला को रातभर बंधक बनाकर पीटा

khaskhabar.com : शुक्रवार, 09 फ़रवरी 2018 10:39 PM (IST)
विधवा महिला की मदद करने गए पुलिसकर्मी और महिला को रातभर बंधक बनाकर पीटा
धौलपुर। जिले के मनियां थाना क्षेत्र के गांव खेरली में लोगों ने एक पुलिसकर्मी और एक महिला को रातभर बंधक बनाकर पीटा। पुलिसकर्मी महिला द्वारा दर्ज कराए गए मामले में जांच के लिए आया था।

मामले में पीड़िता महिला दुर्गेश ने बताया कि वह विधवा है। उसके ससुर, जेठ और देवर आए दिन उससे मारपीट करते हैं और घर से निकालने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने कुछ दिन पहले मनियां थाने में न्याय की गुहार लगाई थी। इसके अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिसकर्मी राजकुमार को सौंपी गई थी। बीती रात करीब 9 बजे पीड़ित महिला ने फोन कर पुलिसकर्मी राजकुमार को बुलाया था। राजकुमार जब पीड़िता के यहां पहुंचा तो वह चाय बनाने चली गई। इस दौरान परिजनों ने बाहर से कमरे की कुंदी बंद कर दी। बाद में सभी परिजनों ने एकत्र होकर पुलिसकर्मी राजकुमार और महिला को कमरे में ही पकड़ लिया और दोनों की जमकर पिटाई की गई।

महिला ने बताया कि परिजनों ने उसे निर्वस्त्र करने की भी कोशिश की। रातभर उसके परिजन पुलिसकर्मी और उसे टार्चर कर पीटते रहे। इस दौरान उसने शोर भी मचाया, लेकिन ग्रामीण तमाशबीन ही बने रहे। सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक बचन सिंह मीणा जाब्ते के साथ गांव पहुंचे और दोनों को मुक्त कराकर मनियां थाने ले गए।

मामले में पुलिसकर्मी राजकुमार ने बताया कि एक माह पूर्व महिला दुर्गेश ने परिजनों के खिलाफ मारपीट और परेशान करने की तहरीर थाने में दी थी। महिला ने उसे परिजनों द्वारा परेशान करने की शिकायत दी थी। इस कारण वह पीड़िता के घर गया था। पीड़िता उसके लिए चाय बनाने चली गई। उसके बाद उसके परिजनों ने कमरे की कुंदी बंद कर दी। बाद में सभी ने दोनों को बंधक बना लिया और बेरहमी से रातभर पिटाई करते रहे। सुबह पुलिस ने पहुंचकर मुक्त कराया।

पुलिस उप अधीक्षक बचन सिंह मीणा ने बताया कि पुलिसकर्मी राजकुमार खेरली गांव में किसी महिला के यहां अनुसंधान करने गया था। उसे परिजनों ने महिला के साथ कमरे में बंधक बना लिया और रात भर पिटाई की है। महिला ने पुलिसकर्मी पर किसी भी तरह का गंभीर आरोप नहीं लगाया है। सुबह मौके पर पहुंचकर दोनों को मुक्त करा दिया है। मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar Rajasthan Facebook Page:
Advertisement
Advertisement